पंजाब | के पठानकोट के आर्मी कैंप के के पास सोमवार सुबह एक ग्रेनेड फटा। यह विस्फोट आर्मी कैंप के त्रिवेणी गेट के पास हुआ। इससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी और सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने पूरे क्षेत्र को अपने कब्जे में ले लिया और जांच शुरू कर दी। पुलिस पूरे एरिया मेंं सर्च आपरेशन चला रही है और आसपास के क्षेत्र के लोगों से पूछताछ भी कर रही है। बताया जाता है कि ग्रेनेड दो बाइक सवारोंं द्वारा फेंका गया, लेकिन पुलिस द्वारा अभी इसकी पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस वहां लगे सीसीटीवी के फुटेज की जांच कर रही है। उधर, भारत-पाकिस्तान बार्डर क्षेत्र के बमियाल सेक्टर में ड्रोन व संदिग्ध व्यक्तियों को देखे जाने की सूचना है। पूरे क्षेत्र में सर्च आपरेशन चलाया जा रहा है।
पठानकोट एयरबेस पर 2016 में हमले के बाद ग्रेनेट अटैक की पहली घटना
पठानकोट एयरफोर्स स्टेशन पर 2016 में हुए हमले के बाद ग्रेनेड अटैक की यह पहली घटना है। इस घटना के बाद पंजाब में अलर्ट जारी कर दिया गया है। राज्य के बार्डर एरिया में सुरक्षा बेहद कड़ी कर दी गई है और पूरे राज्य में चौकसी बरती जा रही है।
बमियाल सेक्टर में भारत-पाकिस्तान बार्डर क्षेत्र में ड्रोन व संदिग्ध लोग दिखे थे, सर्च आपरेशन जारी
दूसरी ओर, पठानकोट के बमियाल बॉर्डर क्षेत्र के परमाल जट्टा में देर रात्रि ड्रोन और संदिग्ध लोगों केे देखे जाने की सूचना मिली है। इसके बाद पूरा क्षेत्र छावनी में तब्दील कर दिया गया है। बमियाल के डीएसपी ने बताया कि क्षेत्र के लोगों ने देर रात बार्डर क्षेत्र मेंं टार्च की रोशनी देखी। ग्रामीणों ने खेताें की ओर इस दौरान कुछ संदिग्ध लोगों की हलचल देखी। लोगों ने इस बारे में पुलिस को सूचना दी। इसके बाद से पूरे क्षेत्र में पुलिस व बीएसएफ के जवानों द्वारा सर्च आपरेशन चलाया जा रहा है। बता दें कि बमियाल सेक्टर में पाकिस्ताानकी ओर से अक्सर घुसपैठ की काेशिशें होती रहती हैं। कुछ साल पठानकोट एयरबेस पर हमला करने वाले पाकिस्तानी आतंकियों ने बमियाल सेक्टर से ही घुसपैठ की थी।
पठानकोट शहर में इस घटना के बाद ऐहतियातन सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए कुछ अन्य इलाकों से अतिरिक्त पुलिसकर्मी मंगवाए गये हैं व सैन्य कैंप से सटे इलाकों में नाकाबंदी बढ़ाई गई है। सेना ने भी सुरक्षा कड़ी कर दी है।
ग्रेनेड विस्फोट के बाद पठानकोट के साथ ही पंजाब में अमृतसर, तरनतारन, गुरदासपुर सहित कई जिलों में सुरक्षा बेहद कड़ी कर दी गई है और नाक लगाकर जांच की जारी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पठानकोट के एसएसपी पुलिस टीम के साथ पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जाएगी। ग्रेनेड किसने फेंका इस बारे में अभी पता नहीं चल पाया है।
